आज बस्ती में किसान पंचायत करेंगे नरेश टिकैत
बस्ती
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत आज बस्ती के मुंडेरवा में किसान महापंचायत कर रहे हैं। किसान नेताओं का पूर्वांचल प्लान भाजपा की चिंता बढ़ा सकता है। कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन से पश्चिमी यूपी को जोड़ने के बाद किसान संगठनों की नज़र अब सीएम योगी के गढ़ पूर्वांचल पर है।
पिछले दिनों राकेश टिकैत ने अक्टूबर तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया था। इधर, किसान नेताओं लंबी लड़ाई की तैयारी शुरू कर दी है। वे पश्चिमी यूपी के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश और अन्य इलाकों में किसान पंचायत कर किसानों को जोड़ने में जुटे हैं ताकि सरकार पर दबाव बन सके। नेताओं की कोशिश है कि जो लोग दिल्ली बॉर्डर नहीं पहुंच सकते, उनके इलाकों में किसान पंचायत कर संदेश पहुंचाया जाए
भाकियू के प्रमुख नरेश टिकैत का कहना है कि दिल्ली बॉर्डर पर पश्चिमी यूपी के किसान तो बड़ी तादाद में शामिल हो रहे हैं, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसानों को वहां पहुंचने में दिक्कत आती है। यही वजह है कि अब वे प्रदेश के अलग-अलग जिलों में किसान पंचायत कर किसानों को कृषि कानूनों के बारे में बता रहे हैं।
मुंडेरवा कस्बे में आज होने वाली किसान महापंचायत की तैयारियां पूरी हो गई है। भारी भीड़ की आशंका को देखते हुए पुलिस ने पंचायत के दौरान रूट डॉयवर्जन लागू किया है। पंचायत को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत सहित अन्य पदाधिकारी संबोधित करेंगे। पंचायत में बस्ती मंडल के तीनों जिलों के साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों के किसान बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
केंद्र सरकार के तीन कृषि कानून को वापस लेने की मांग को लेकर किसान दिल्ली बार्डर पर आंदोलन कर रहे हैं। उनके समर्थन में देश में जगह-जगह किसान पंचायतों का आयोजन किया जा रहा है। बस्ती मंडल में किसानों के तीर्थस्थल कहे जाने वाले मुंडेरवा कस्बे में किसान पंचायत का आयोजन किया जा रहा है। मुंडेरवा में गन्ना किसान आंदोलन के दौरान पुलिस की गोली से तीन किसानों की मौत हो गई थी। उनकी याद में मुंडेरवा में हर साल शहीद किसान मेला आयोजित किया जाता है।

पाठको की राय